चोरी के 23 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, ‘जल्द खुलासे’ का आश्वासन बनकर रह गया दावा
सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अतरमूनानकार में करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान की चोरी के मामले में घटना के 23 दिन बाद भी न तो चोर पकड़े गए हैं और न ही चोरी गया माल बरामद हो सका है। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद जांच में ठोस प्रगति सामने नहीं आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित पटेश्वरी प्रसाद मिश्र के अनुसार 17 अगस्त 2026 की रात करीब 1 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुसे और सोने-चांदी के करीब 35 लाख रुपये मूल्य के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में सोने के हार, झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र, कान के आभूषण, सोने की विक्रियां, चांदी की थाली, चांदी की सुपारी, चांदी का पान का पत्ता तथा पुराने और नए सिक्के भी शामिल थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 18 अगस्त 2026 को मु0अ0सं0 78/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के दस्तावेज में चोरी गई संपत्ति की बरामदगी और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई किए जाने की बात दर्ज है।
लेकिन सवाल यह है कि 23 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की जांच आखिर किस मुकाम पर पहुंची है? पीड़ित का कहना है कि वह जब भी मामले की प्रगति जानने के लिए पुलिस से संपर्क करता है, उसे यही जवाब दिया जाता है कि “पुलिस की पूरी टीम लगी हुई है और जल्दी खुलासा होगा।” इसके बावजूद अब तक चोरों की गिरफ्तारी या चोरी गए सामान की बरामदगी की कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस की जांच रिपोर्ट में भी मामले की विवेचना जारी होने और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी व गिरफ्तारी के लिए “सार्थक प्रयास” किए जाने की बात कही गई है। मगर इन दावों के बीच पीड़ित के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन प्रयासों का परिणाम कब सामने आएगा।
इतनी बड़ी चोरी के मामले में केवल एफआईआर दर्ज कर जांच जारी रखने और लगातार “जल्द खुलासा” का भरोसा देने से पीड़ित की परेशानी कम नहीं हो रही है। चोरी गए सामान की कीमत लाखों में है और वह सामान आज भी पुलिस की पहुंच से बाहर है। ऐसे में पुलिस की जांच की दिशा, अब तक की प्रगति और संभावित आरोपियों तक पहुंचने में हो रही देरी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर जांच में तेजी लाने, चोरों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित कराने की मांग की।
” विवेचना प्रचलित है प्रयास जारी है।जल्द ही खुलासा किया जाएगा।”
विवेचक प्रमोद कुमार पाण्डेय
उपनिरीक्षक थाना गोल्हौरा।
“इस चोरी मे हमारा लाखों का नुकसान हुआ है लेकिन पुलिस लीपापोती करने में जुटी हुई है।
प्रगति पूछे जाने पर पुलिस द्वारा बार – बार यही बोला जा रहा है कि कार्रवाई हो रही है और चोर जल्द ही पकड़े जाएंगे।”
दुर्गेश मिश्रा
पीड़ित


